फ्लोरबाल संघ के प्रदेशाध्यक्ष बने गजेंद्र फौगाट
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री के ओएसडी, प्रसिद्ध कलाकार व राष्ट्रीय पदक प्राप्त खिलाड़ी रहे गजेंद्र फौगाट को हरियाणा फ्लोरबाल संघ का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
फ्लोरबाल संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपेंद्र आर्य ने ये जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय पं. श्रीराम रंगशाला में आयोजित फ्लोरबाल संघ की एक बैठक में सर्वसम्मति से सभी जिलाध्यक्षों व पदाधिकारियों ने गजेंद्र फौगाट के नाम पर मुहर लगाई। प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष रुहिल व विकास, महासचिव सुशील शास्त्री, कोषाध्यक्ष सुरजीत नैन ने पगड़ी व फूल मालाओं से गजेंद्र फौगाट का स्वागत किया।
इस दौरान नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र फौगाट ने सभी जिलाध्यक्षों व सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा खेलों की धरती है और फ्लोरबाल जैसे उभरते खेलों में भी प्रदेश नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि खेल विभाग व हरियाणा ओलंपिक संघ द्वारा खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं व मंच उपलब्ध कराने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संघ के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को फ्लोरबाल के प्रति प्रेरित किया जाएगा, जिला व राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाएगी।
इस दौरान गजेंद्र फौगाट ने कारगिल योद्धा मेहर सिंह का पगड़ी बांधकर स्वागत किया। बैठक में प्रदीप शर्मा, कृष्ण मलिक, नीरज वर्मा, अनुराग सिवाच, सुरेंद्र कुमार, सोमबीर मलिक, सलामदिन, अंतरराष्ट्रीय रेफरी डॉ. मोनी जून, सुरजीत नीमा, मुकेश, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच अनिल धनखड़, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनीषा, चेष्टा छिल्लर, कर्मजीत नैन सहित अन्य मौजूद रहे।
Girish Saini 

