पूर्व मंत्री ग्रोवर ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने व उनकी देखभाल का आह्वान किया

नगर निगम द्वारा -एक पौधा-एक जिम्मेदारी के संदेश के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित।

पूर्व मंत्री ग्रोवर ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने व उनकी देखभाल का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम, रोहतक द्वारा स्थानीय महावीर पार्क में -एक पौधा-एक जिम्मेदारी के संदेश के साथ पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर राम अवतार, निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार, संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी, कार्यकारी अभियंता योगराज छिकारा, सहायक अभियंता शांत सुहाग सहित निगम पार्षद व अन्य गणमान्य जन ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना रहा। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे संरक्षित करने का संकल्प ले, तो रोहतक को हरा भरा एवं प्रदूषण मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने प्लास्टिक का उपयोग न करने, जल संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए भी प्रेरित किया।

मेयर राम अवतार ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, भू-जल स्तर में गिरावट तथा घटते हरित क्षेत्र जैसी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। नगर निगम द्वारा शहर के पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे तथा खाली भूमि पर पौधारोपण अभियान चलाया जायेगा।