फसल खरीद को लेकर हरियाणा की मंडियों का दौरा करेंगे पूर्व सीएम हुड्डा

सांपला में बोले, एमएसपी पर खरीद की बजाय किसानों पर नई-नई शर्तें थोप रही बीजेपी सरकार।

फसल खरीद को लेकर हरियाणा की मंडियों का दौरा करेंगे पूर्व सीएम हुड्डा

सांपला, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा फसल खरीद को लेकर प्रदेश भर की मंडियों का दौरा करेंगे। उन्होंने मंगलवार को इस अभियान की शुरुआत अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ी-सांपला-किलोई की अनाज मंडी से की। पूर्व सीएम ने सांपला अनाज मंडी पहुंच कर किसानों, मजदूरों व आढ़तियों से मुलाकात की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

हुड्डा ने कहा कि उन्हें लगातार प्रदेशभर के किसानों से मंडियों में फैली अव्यवस्थाओं की सूचना मिल रही है, क्योंकि बीजेपी सरकार गेहूं और सरसों की खरीद करने की बजाय किसानों पर रोज नई-नई शर्तें थोप रही है। पोर्टल रजिस्ट्रेशन, गेट पास, गारंटर, बायोमीट्रिक, ट्रैक्टर नंबर और वेरिफिकेशन जैसी शर्तों को पूरा करने में ही किसान उलझकर रह जाते हैं और उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार के अत्याचार और ऊपर से मौसम की मार, किसान बीच में पिसकर रह गए हैं। लगातार हो रही बेमौसमी बारिश के चलते किसानों की खड़ी फसल खराब हो गई है, ऐसे में सरकार को तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाकर उन्हें मुआवजा देना चाहिए। लेकिन ऐसा करने की बजाए सरकार के मंत्री बचकाने बयान दे रहे हैं कि बारिश की वजह से पैदावार बढ़ जाएगी। विपक्ष की प्रदेश सरकार से मांग है प्रति क्विंटल किसानों को बोनस दिया जाए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को मंडियों की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर, फालतू की शर्तों को हटाकर जल्द से जल्द फसलों की खरीद सुनिश्चित करनी चाहिए। सरकार तक किसानों की बात पहुंचाने के लिए वो खुद प्रदेशभर की मंडियों का दौरा करेंगे और किसानों की समस्याओं को सुनेंगे। अपना शुरुआती कार्यक्रम जारी करते हुए उन्होंने बताया कि सांपला के बाद वे बुधवार को नारायणगढ़, साढ़ौरा, बराड़ा और अंबाला तथा वीरवार को पिपली व करनाल की अनाज मंडियों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उन्होंने कांग्रेस के तमाम विधायकों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की मंडियों में जाकर किसानों की आवाज उठाएं और सरकार व प्रशासन को सचेत करें।