पूर्व सीएम हुड्डा ने किया तीनों नगर निगम में कांग्रेस की जीत का दावा

कहा, किसान और मजदूर विरोधी पार्टी है भाजपा।

पूर्व सीएम हुड्डा ने किया तीनों नगर निगम में कांग्रेस की जीत का दावा

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नगर निगम चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा किया है। रोहतक में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में आगामी तीनों नगर निगम चुनावों में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। सभी निगमों में कांग्रेस का मेयर और पार्षद चुने जाएंगे। उन्होंने जिन नगर पालिका क्षेत्रों में कांग्रेस अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव नहीं लड़ रही है, वहां जनता से अपील की है कि वे उस मजबूत उम्मीदवार को वोट दें जो भाजपा को हराने की क्षमता रखता हो।

भाजपा को किसान और मजदूर विरोधी पार्टी बताते हुए हुड्डा ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। आम आदमी लगातार महंगाई की मार झेल रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में एक महीने में ही ₹993 की बढ़ोतरी कर दी है। मार्च में ₹115 तथा अप्रैल में ₹195.50 की बढ़ोतरी हुई थी। इस प्रकार मात्र तीन महीनों में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब ₹1,303 का इजाफा हुआ है। आज कमर्शियल सिलेंडर ₹3,071 का हो गया है, जबकि कांग्रेस (यूपीए) सरकार के समय यही सिलेंडर ₹1,200 में उपलब्ध था। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन उसने हर आवश्यक वस्तु के दाम तीन गुना कर दिए हैं।

पूर्व सीएम हुड्डा ने भाजपा नेताओं द्वारा भूतपूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. भजनलाल और स्व. चौ. बंसीलाल पर की जा रही अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को स्वर्गीय मुख्यमंत्रियों का सम्मान करना चाहिए। ऐसी टिप्पणियां निंदनीय हैं।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरे हरियाणा की मंडियों का दौरा किया। एक भी किसान सरकार की खरीद व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है। भाजपा सरकार ने किसानों को पोर्टल, रजिस्ट्रेशन, गेट पास और वेरिफिकेशन जैसे अनावश्यक पचड़ों में उलझा रखा है। न तो समय पर खरीद हो रही है और न ही समय पर भुगतान।

5 राज्यों के चुनावों पर नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हुए, क्योंकि चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध रही। उन्होंने बताया कि कांग्रेस केरल में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सफल रही है और तमिलनाडु में एक बार फिर गठबंधन की सरकार बनाई है।