एमडीयू में एआई पर एक्सपर्ट लेक्चर, उच्च शिक्षा में संभावनाओं पर मंथन

एमडीयू में एआई पर एक्सपर्ट लेक्चर, उच्च शिक्षा में संभावनाओं पर मंथन

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के जेनेटिक्स विभाग में उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग, संभावनाओं और चुनौतियों पर एक्सटेंशन लेक्चर आयोजित किया गया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसः इनोवेशन, एडॉप्टेशन एंड स्ट्रेटेजी इन टुडे’ज हायर एजुकेशन फॉर स्टूडेंट्स एंड एक्सपर्ट्स विषय पर चाइनीज यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग के डॉ. राकेश कुमार ने विशेषज्ञ व्याख्यान दिया।

डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि एआई शोध और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहायक तकनीक के रूप में उभर रही है। इसके जरिए बड़े पैमाने पर डेटा का तेजी से विश्लेषण कर शोध को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है तथा नई संभावनाओं की पहचान की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में एआई का इस्तेमाल शिक्षण, सीखने, शोध और डेटा विश्लेषण सहित कई क्षेत्रों में किया जा सकता है। इसके प्रभावी उपयोग से अकादमिक संस्थानों में शोध एवं नवाचार की गति बढ़ाई जा सकती है।

इस दौरान विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों ने एआई के उपयोग से जुड़े सवाल पूछे और विशेषज्ञ के साथ संवाद किया। बाद में एआई के लाभ और संभावित चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।

जेनेटिक्स विभागाध्यक्ष प्रो. एस.के. तिवारी ने डॉ. राकेश कुमार का स्वागत कर परिचय कराया। इस दौरान आईजीयू मीरपुर के पूर्व कुलपति प्रो. जे.पी. यादव, डीन लाइफ साइंसेज प्रो. मीनाक्षी वशिष्ठ, प्रो. नीलम सहरावत और डॉ. मुकेश तंवर मौजूद रहे। प्रो. ऋतु यादव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में करीब 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया।