नांदल में 9 घरों के बिजली बिल शून्य, सोलर से मिली राहत
पीएम सूर्य घर योजना के तहत 16 परिवारों ने लगवाए रूफटॉप सोलर प्लांट, 1.10 लाख रुपये तक अनुदान
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रोहतक जिले के गांव नांदल में 16 परिवार अपने घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगवा चुके हैं। इनमें से नौ लाभार्थियों के बिजली बिल शून्य हो गए हैं, जबकि अन्य के बिल भी जल्द शून्य होने की उम्मीद है।
गांव के विजेंद्र, दीपक, प्रदीप कुमार, कर्मवीर, सोनू और जितेंद्र ने दो-दो किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट लगवाए हैं। वहीं, पूर्व सैनिक सुरेश कुमार सहित संदीप कुमार और सुनील कुमार ने तीन-तीन किलोवाट के सोलर सिस्टम स्थापित करवाए हैं। लाभार्थियों के अनुसार, सोलर प्लांट लगवाने के बाद उनके बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है। सुरेश कुमार ने बताया कि पिछले चार महीने से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है।
योजना के तहत केंद्र सरकार 30 हजार से 78 हजार रुपये तक अनुदान दे रही है। हरियाणा सरकार की अतिरिक्त सहायता मिलाकर पात्र परिवारों को दो किलोवाट के सोलर प्लांट पर अधिकतम 1.10 लाख रुपये तक अनुदान मिल सकता है। इसके लिए पात्रता शर्तें लागू हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक पीएम सूर्य घर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Girish Saini

