समाज बदलने की शक्ति है शिक्षाः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
पीजीआईएमएस में डॉ अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में एससी/एसटी एम्प्लॉयीज वेलफेयर एसोसिएशन, पीजीआईएमएस रोहतक द्वारा मंगलवार को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई गई।
कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक डॉ एस.के. सिंघल, डीन डॉ अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुंदन मित्तल एवं डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल मौजूद रहे।
कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने कहा कि आज हम एक ऐसे महान व्यक्तित्व को नमन करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने न केवल भारत के संविधान का निर्माण किया, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और संकल्प का अद्वितीय उदाहरण है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया। कुलपति ने कहा कि डॉ अंबेडकर ने कहा था- शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो। यह संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि हमें सुनिश्चित करना होगा कि स्वास्थ्य सेवाएँ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें।
निदेशक डॉ एस.के. सिंघल ने कहा कि महापुरुषों का जीवन किसी समाज से नहीं बंधा होता। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीन डॉ अशोक चौहान ने कहा कि बाबा साहेब के क्रांतिकारी विचारों ने समाज को सोचने के लिए मजबूर किया। उसी सोच का नतीजा है कि आज हम सब यहां पहुंचे हैं। डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल ने कहा कि विद्यार्थियों को बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।
एससी/एसटी एसोसिएशन के प्रधान अशोक कांगड़ा ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान संजीव कुमार, आर.के. रंगा, कुलदीप सिंह, डॉ प्रियंका, डॉ वंदना, डॉ सोनिया, डॉ सुधा, डॉ अनुपमा, विनोद चहल, तारीफ सिंह, संजय, अजीत कुमार, सुषमा, मुकेश, गुरुमुख सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

