समाज की तकदीर और तस्वीर बदलने का सबसे बड़ा अचूक हथियार है शिक्षाः शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

संघ लोक सेवा आयोग व भारतीय वन सेवा परीक्षा में चयनित युवाओं को किया सम्मानित।

समाज की तकदीर और तस्वीर बदलने का सबसे बड़ा अचूक हथियार है शिक्षाः शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा समाज की तकदीर और तस्वीर बदलने का सबसे बड़ा अचूक हथियार है। जाट समाज के युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि अब समाज के युवा केवल खेती, खेल और सेना तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की सर्वोच्च नीतियां बनाने और प्रशासनिक नेतृत्व करने की क्षमता भी रखते हैं।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा शुक्रवार को जाट भवन सभागार में जाट सभा द्वारा आयोजित सिविल सेवा एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा-2025 में चयनित जाट प्रतिभाओं के सम्मान समारोह में उपस्थितगण को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता का त्याग, तपस्या और संघर्ष छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपीएससी में चयनित युवाओं की सफलता इस बात का प्रमाण है कि समाज में प्रतिभा की कोई कमी नहीं थी, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की थी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं को प्रेरित करने का माध्यम बनते हैं और आने वाली पीढिय़ों को लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए ताकि वे सफल अधिकारियों के अनुभवों से सीख सकें और अपने जीवन में नई ऊर्जा प्राप्त कर सकें।

उन्होंने चयनित अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने पद को केवल नौकरी या अधिकार का माध्यम न समझें, बल्कि समाज और राष्ट्र की उम्मीदों की जिम्मेदारी के रूप में देखें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पदों पर रहते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े किसान, मजदूर, गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय दिलाना ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने प्रतिभाओं के सम्मान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए घोषणा की कि इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए वे अपनी ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे।

प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि समाज के लिए यह गर्व का विषय है कि बड़ी संख्या में युवा इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने चयनित अधिकारियों को समाज का आदर्श बताते हुए कहा कि आज के युवा उन्हें अपना रोल मॉडल मानते हैं। इसलिए उनकी जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज में सकारात्मक प्रेरणा का स्रोत भी बनना होगा।

जाट सभा के प्रधान जयवीर ढुल ने कहा कि इस वर्ष यूपीएससी सिविल सेवा एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा में चयनित 53 प्रतिभाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया, जिनमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली युवा शामिल हैं। समारोह में सभी सफल अभ्यर्थियों को 11-11 हजार रुपये की नकद राशि, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में विकास कुंडू, दिव्या गहलोत, प्रज्ञा गुलिया, कीर्ति, सिद्धार्थ सिंह, अभिमन्यु बालियां, सचिन पवार, विनोद कुमार, दिशा धनखड़, अंकिता सिवाच, राहुल, मोहित, मानसी डागर सहित अन्य प्रतिभाशाली युवा शामिल रहे। इस दौरान बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने जाट सभा को 1 लाख 1 हजार रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की।