व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है शिक्षाः शिक्षा मंत्री ढांडा

एनआरएस कॉलेज के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में किया मेधावी छात्रों को सम्मानित।

व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है शिक्षाः शिक्षा मंत्री ढांडा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ कौशल, तकनीक और संस्कारों से भी समृद्ध होना होगा। आज देश को केवल डिग्रीधारी युवा नहीं, बल्कि संस्कारवान और राष्ट्रहित में सोचने वाले युवाओं की आवश्यकता है।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा स्थानीय पं. नेकीराम राजकीय महाविद्यालय के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर सरस्वती वंदना से किया गया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, अनुशासन और संकल्प का प्रतीक है।

शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए कुल 468 पुरस्कार प्रदान किए। इनमें शैक्षणिक क्षेत्र में 318, खेलों में 80, सांस्कृतिक गतिविधियों में 48 तथा एनसीसी/एनएसएस में 22 पुरस्कार विद्यार्थियों को वितरित किए। शिक्षा मंत्री ने महाविद्यालय परिसर के विकास के लिए कॉलेज परिसर की जर्जर सडक़ के निर्माण के लिए तत्काल 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने महाविद्यालय की नई बिल्डिंग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

पूर्व मंत्री एवं विशिष्ट अतिथि मनीष ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में हरियाणा शिक्षा एवं खेलों के क्षेत्र में पूरे देश में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और खिलाडिय़ों को मिल रही सुविधाओं की चर्चा पूरे देश में हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रहण कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा मंत्री से कॉलेज की भवन व्यवस्था, छतों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग भी रखी।

प्राचार्य प्रो. डॉ. सुरेंद्र सांगवान ने स्वागत संबोधन किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान डीईओ मनजीत मलिक, कार्यक्रम संयोजक सुनीता रानी, उप प्राचार्य डॉ. सुशील दलाल, मार्केट कमेटी चेयरमैन अशोक चौधरी, सहित शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।