नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के संदेश के साथ ई-समिट ’26 संपन्न
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में आयोजित ई-समिट ’26 के समापन सत्रको संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य के इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए कई पहल कर रही है। विवि भी इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स को सीड फंडिंग उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने शोधार्थियों और शिक्षकों से सरकार की स्टार्टअप पॉलिसी के तहत उपलब्ध फंडिंग का लाभ उठाने का आह्वान किया।
समापन समारोह में कुलपति ने कहा कि विवि के विद्यार्थी अब केवल कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और परीक्षाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नवाचार, उद्यमिता और आर्थिक विकास की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं।
पीडीयूआईआईसी के निदेशक प्रो. विशाल गुलाटी ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक विचारों की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर सीखने व नवाचार के लिए प्रेरित किया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और आयोजन से जुड़े सदस्यों व संस्थाओं को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
स्टार्ट-अप स्पेस में यथार्थ प्रथम, गोलू कुमार की टीम दूसरे और राजेश सैनी की टीम तीसरे स्थान पर रही। पिच टैंक में वाही, नैक्सोरा और स्काऊट्स ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। स्टार्ट-अप स्पॉटलाइट में टीम वाही विजेता रही, जबकि यथार्थ और टीम सिया क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। स्टार्ट-अप एक्शन में दा गोल्डन क्वायन, शाइन एक्स और स्काऊट्स विजेता रहे। लास्ट फाउंडर स्टैंडिंग का खिताब टीम दा लास्ट हस्टलर्स ने जीता।

Girish Saini 

