ई-संसाधनों से शोध को मिलेगी गति, एमडीयू में व्याख्यान
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के भूगोल विभाग की छात्र कल्याण समिति द्वारा पुस्तकालय के ई-संसाधन विषय पर आयोजित व्याख्यान में विद्यार्थियों और शोधार्थियों को डिजिटल पुस्तकालय संसाधनों की उपयोगिता और उनके प्रभावी इस्तेमाल के बारे में बताया गया।
विवेकानंद पुस्तकालय के सूचना वैज्ञानिक डॉ. सुंदर कुमार तंवर ने बतौर विशेषज्ञ वक्ता, ई-पुस्तकों, ई-जर्नल्स और अन्य डिजिटल शैक्षणिक सामग्री तक पहुंच की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कहा कि ई-संसाधन अध्ययन को व्यवस्थित बनाने, नवीनतम जानकारी जुटाने और शोध कार्य को गति देने में सहायक हैं। इनके प्रभावी उपयोग से समय की बचत भी होती है।
विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने स्वागत किया। डॉ. सुम्मी शर्मा ने मंच संचालन किया। इस दौरान डॉ. बीनू सांगवान, प्रो. रेनू आर्य, डॉ. राजेश कुमार और डॉ. प्रदीप कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini

