गांव माड़ौदी को जिला प्रशासन ने मॉडल गांव के रूप में चुना

कृषि से संबंधित सभी विभाग गांवों में आयोजित कर रहे किसान जागरूकता शिविर।

गांव माड़ौदी को जिला प्रशासन ने मॉडल गांव के रूप में चुना

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा जिला के गांव माडौदी को मॉडल गांव के रूप में चुना गया है। किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए कृषि से संबंधित विभागों द्वारा किसानों को अन्य सहायक व्यवसाय अपनाने बारे जागरूक किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों को सहायक धंधे अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है ताकि वे आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो सके।

डीसी सचिन गुप्ता ने कहा कि उद्यान विभाग द्वारा भी गांवों में किसान जागरूकता शिविर लगाकर किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विभाग द्वारा अब तक ऐसे 18 जागरूकता शिविर लगाए जा चुके हैं और किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए निरंतर जागरूक किया जा रहा है। किसानों को सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ जुलाई-अगस्त माह में नए बाग लगाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।  

उपायुक्त ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान अब तक उद्यान विभाग द्वारा रोहतक खंड के गांव सुनारिया, खिड़वाली, बहु अकबरपुर, महम खंड के गांव मदीना गिन्धराण, किशनगढ़, अजायब, निन्दाना, कलानौर खंड के गांव जिन्दराण, बसाना, माडौदी जाटान एवं माडौदी रागडान व सांपला खंड के गांव अटायल, इस्माइला, नौनंद, खरावड़ तथा लाखनमाजरा खंड के गांव-टिटौली, इन्द्रगढ़ एवं चिड़ी में किसान जागरूकता शिविर आयोजित कर किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।  

उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा बागवानी किसानों के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। नए बाग लगाने पर किसानों को अनेक प्रकार से अनुदान देने का प्रावधान किया गया है। अमरूद, बेर, नींबू और किन्नू का नया बाग लगाने के लिए सरकार द्वारा प्रथम वर्ष 25200 रूपए प्रति एकड़ अनुदान राशि उपलब्ध कराई जा रही है तथा द्वितीय वर्ष देखरेख के लिए 16800 रूपए अनुदान राशि भी प्रदान की जाती है।

जिला उद्यान अधिकारी डॉ. मदनलाल ने बताया कि किसान जागरूकता शिविरों में विभाग के अधिकारी किसानों के मध्य पहुंचकर उन्हें बागवानी फसलों के बारे में जागरूक कर रहे हैं तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।