अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू

जिला व ब्लॉक स्तर पर आयोजित होंगे योग प्रशिक्षण शिविरः डीसी सचिन गुप्ता

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। योग दिवस को लेकर आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के उपरांत उपायुक्त ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश जारी किए। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि 11 से 13 जून तक जिला एवं ब्लॉक स्तर पर तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, सरपंच, पंच, निर्वाचित प्रतिनिधि, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, एनसीसी एवं स्काउट कैडेट तथा इच्छुक आमजन भाग लेंगे। प्रशिक्षण आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों, आयुष योग सहायकों, योग समितियों के योग शिक्षकों, पीटीआई, डीपीई, खेल विभाग के योग प्रशिक्षकों एवं पुलिस विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा स्टेडियम, खेल मैदान, व्यायामशालाओं एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित होने वाले योग मैराथन कार्यक्रम में स्कूलों, कॉलेजों, विवि, गुरुकुल, योग संस्थानों, पुलिस विभाग, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्य भाग लेंगे। स्कूली विद्यार्थी योग संदेशों से संबंधित बैनर एवं तख्तियां लेकर जागरूकता रैली में शामिल होंगे। 16 से 18 जून तक जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों, एनसीसी एवं स्काउट कैडेट तथा आमजन के लिए विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि 19 जून को योग एवं रिसर्च विषय पर योग संगोष्ठी एवं सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। 20 जून को प्रातः 7 से 8 बजे तक मुख्य कार्यक्रम की पायलट रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत 21 जून को प्रातः 7 से 8 बजे तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित होगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर एंबुलेंस, चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रतिभागियों के आवागमन, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, विशिष्ट अतिथियों के आतिथ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को पोर्टल internationalyogadayhry.in के माध्यम से पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।

इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने  अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। इस बार राज्य स्तरीय कार्यक्रम पंचकूला में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग पर आधारित कार्यक्रम जिला, उपमंडल से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किए जाएंगे, ताकि योग को हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को पूरे विश्व में एक महत्वपूर्ण सम्मान मिला है। सरकार युवा पीढ़ी को हमारी प्राचीन परंपरा से जोडक़र स्वस्थ भारत-स्वस्थ हरियाणा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, एसडीएम आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, डीईओ मनजीत मलिक, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।