रोहतक से धर्मशाला सीधी बस सेवा शुरू, 12 घंटे में पहुंचेगी बस; किराया ₹827
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतकवासियों को धर्मशाला जाने के लिए अब दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हरियाणा रोडवेज ने रोहतक-धर्मशाला के बीच सीधी बस सेवा शुरू कर दी है। उपायुक्त सतबीर सिंह और पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने मंगलवार को बस स्टैंड से इस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रोडवेज की यह बस प्रतिदिन दोपहर 12 बजे रोहतक से धर्मशाला के लिए रवाना होगी और करीब 12 घंटे में 510 किलोमीटर का सफर तय कर रात 12 बजे धर्मशाला पहुंचेगी। एक तरफ का किराया 827 रुपये निर्धारित किया गया है। बस मार्ग में मोहाली, आनंदपुर साहिब, ऊना, चिंतपूर्णी, ज्वाला जी और कांगड़ा सहित प्रमुख स्थानों पर ठहराव करेगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि धर्मशाला के साथ-साथ मार्ग में पड़ने वाले कई धार्मिक और पर्यटन स्थल लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं। रोहतक और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन स्थानों पर जाते हैं। सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। इससे पहले धर्मशाला जाने वाले यात्रियों को दिल्ली जाकर बस बदलनी पड़ती थी।
उन्होंने बताया कि यह अंतरराज्यीय रूट है और आवश्यक परमिट मिलने के बाद समय-सारणी को मंजूरी दी गई है। एक बस धर्मशाला में रात्रि विश्राम करेगी, जबकि दूसरी निर्धारित समय के अनुसार रोहतक से रवाना होगी। इससे दोनों दिशाओं में नियमित बस सेवा उपलब्ध रहेगी।
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत कर रही है। रोडवेज की सेवाओं का विस्तार प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों को भी बढ़ावा दे रही है।
इस दौरान परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, सहित विभाग के अधिकारी व गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini 

