आईएचएम में डिजिटल मार्केटिंग व एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

आईएचएम में डिजिटल मार्केटिंग व एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय तिलयार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) में डिजिटल मार्केटिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर एक सप्ताह का मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम सोमवार से शुरू हुआ।

आईएचएम के व्याख्याता विकास देशवाल ने बताया कि एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, रोहतक के सहयोग से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बतौर मुख्य वक्ता, रंजय सिंह (मैनेजर एमएसएमई) और डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ संदीप कटारिया ने शिरकत की।

आईएचएम के प्राचार्य शंभू नाथ गौतम ने स्वागत संबोधन देते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मार्केटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न सत्रों में सक्रिय भागीदारी कर व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य वक्ता संदीप कटारिया ने आतिथ्य उद्योग में डिजिटल मार्केटिंग की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज होटल, रिसॉर्ट और पर्यटन संस्थानों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मजबूत उपस्थिति आवश्यक हो गई है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया, ई-मेल मार्केटिंग और ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल्स के माध्यम से संस्थान अधिक ग्राहकों तक पहुंच बना सकते हैं और अपने ब्रांड की पहचान को मजबूत कर सकते हैं।

एमएसएमई प्रबंधक रंजय सिंह ने कहा कि आज के यात्री होटल या रिसोर्ट का चयन करने से पहले ऑनलाइन रिव्यू, रेटिंग और वेबसाइट की जानकारी का अध्ययन करते हैं। ऐसे में प्रभावी डिजिटल रणनीतियां बुकिंग बढ़ाने और ग्राहकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस दौरान कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर डॉ. श्वेता कुमार सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।