उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने नागरिकों से किया पौधारोपण अभियान से जुड़ने का आह्वान

 गांव खिड़वाली में किया पौधारोपण।

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने नागरिकों से किया पौधारोपण अभियान से जुड़ने का आह्वान

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने नागरिकों से एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है। गांव खिड़वाली में युवा शक्ति मंच द्वारा आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। इस अभियान का उद्देश्य बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग से निजात पाना है।

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पेड़ वायु प्रदूषण को कम करने में मदद करते हैं और स्वच्छ हवा प्रदान करते हैं। साथ ही  जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने में भी सहायक है और इससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलता है तथा विभिन्न प्रजातियों को आवास मिलता है।

उपायुक्त ने बताया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी सभी नागरिकों से इस पहल के माध्यम से रहने योग्य एक बेहतर पृथ्वी के निर्माण और सतत विकास में योगदान देने का अनुरोध किया है। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना था।

इस कार्यक्रम में गांव की मुख्य सड़क के साथ लगभग 200 पौधे लगाए गए। मंच के पदाधिकारियों ने लगाए गए सभी पौधों के रखरखाव की जिम्मेदारी ली है। उपायुक्त ने गांव की गौशाला का भी निरीक्षण किया।