पेंटिंग बिगाड़ी तो खैर नहीं, अवैध पोस्टर-बैनर लगाने पर 80 हजार जुर्माना
सौंदर्यीकरण को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाईः निगमायुक्त
रोहतक, गिरीश सैनी। शहर की दीवारों पर पेंटिंग खराब करने और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध पोस्टर, बैनर व फ्लेक्स लगाने वालों पर नगर निगम सख्ती करेगा। निगम की टीम ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पेंटिंग व सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इन पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संदेश भी दिए जा रहे हैं। पेंटिंग को ढकने, दीवारों पर पोस्टर चिपकाने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि होर्डिंग, फ्लेक्स और पोस्टर लगाने की अनुमति केवल नगर निगम द्वारा स्वीकृत चिन्हित स्थानों पर ही है। अवैध प्रचार सामग्री हटाने का खर्च भी संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा। उन्होंने नागरिकों से शहर की सुंदरता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

Girish Saini

