गुरुग्राम की बदहाली को लेकर दीपेन्द्र हुड्डा का सरकार पर हमला

सांसद बोलेः सफाई नहीं हुई, बजट साफ हो गया।

गुरुग्राम की बदहाली को लेकर दीपेन्द्र हुड्डा का सरकार पर हमला

रोहतक/नई दिल्ली, गिरीश सैनी। रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने गुरुग्राम की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरुग्राम वासियों से भाजपा सरकार और वहां के जनप्रतिनिधियों को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई, ड्रेनेज और विकास के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन समस्याएं जस की तस हैं।

दीपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि जीएमडीए ने पांच वर्षों में ड्रेनेज पर करीब 4,000 करोड़ और सफाई पर 2,000 करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन शहर की सफाई नहीं हुई, बल्कि सफाई का बजट साफ हो गया। उन्होंने 15,000 करोड़ रुपये के ईडीसी और आईडीसी की कैग से ऑडिट कराने की मांग की और पूछा कि यह पैसा कहां खर्च हुआ।

उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा जीएसटी एकत्र करने वाले शहरों में गुरुग्राम प्रमुख है, इसलिए केंद्र सरकार को गुरुग्राम के लिए विशेष बजट देना चाहिए। साथ ही जीएमडीए, एमसीजी और एचएसवीपी की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 12 साल की ट्रिपल इंजन सरकार के बावजूद गुरुग्राम में मेट्रो का विस्तार नहीं हुआ। सरकार को मेट्रो विस्तार पर तत्काल काम करना चाहिए।

हुड्डा ने कहा कि कभी – होम टू ग्लोबल फोर्च्यून 500 कंपनीज के नाम से पहचाना जाने वाला गुरुग्राम आज – वर्क फ्रॉम होम सिटी बन गया है। उन्होंने जलभराव, कूड़े, गड्ढों और ट्रैफिक जाम को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुरुग्राम गुरु-जाम, जल-ग्राम और गड्ढा-ग्राम बन गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में जलभराव और करंट जैसी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हुई।

उन्होंने आरोप लगाया कि वायु प्रदूषण, जलभराव और खराब सड़कों के रूप में गुरुग्राम तीनों मोर्चों पर संकट झेल रहा है। साथ ही कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में गैंगस्टरों की फिरौती की कॉल बढ़ रही हैं।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान 2008 में नगर निगम बना, मेट्रो और रैपिड मेट्रो आई, आईएमटी मानेसर विकसित हुआ, गुड़गांव-फरीदाबाद फोरलेन बना और गुड़गांव नहर के जरिए पेयजल पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के 12 साल के शासन में एक नया सिविल अस्पताल तक नहीं बन सका।

कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 हरियाणा में कराने की मांग दोहराते हुए हुड्डा ने कहा कि इससे गुरुग्राम में निवेश होता तो शहर की बुनियादी समस्याएं काफी हद तक दूर हो सकती थी।

इस दौरान कांग्रेस ग्रामीण ज़िलाअध्यक्ष वर्धन यादव, शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, एचपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, इंटक के प्रधान अमित यादव, एनएसयूआई के प्रदेश प्रधान अविनाश यादव, सुनीता सहरावत, सीमा पाहुजा, समेत बड़ी संख्या में नेता मौजूद रहे। प्रेस वार्ता उपरांत कांग्रेस नेताओं ने सड़क चाहिए तालाब नहीं, जाम नहीं काम चाहिए के नारे लिखे पोस्टर भी दिखाए।