उपायुक्त ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया
रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए जिला वासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेलों में बढ़ती भागीदारी से स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त समाज का निर्माण होगा। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अद्भुत प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण के बल पर भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। गुलामी के दौर में भी उन्होंने अपने शानदार खेल से देश का गौरव बढ़ाया। उनका जीवन और उपलब्धियां आज भी खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उपायुक्त ने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। युवाओं को मेजर ध्यानचंद की विरासत से प्रेरणा लेते हुए खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्हें युवाओं से नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और लगन से खिलाड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल करने के साथ प्रदेश और देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं। जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और उचित अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Girish Saini 

