जन्माष्टमी पर डीसी सतबीर सिंह ने दी शुभकामनाएं, कहा- कृष्ण के कर्मयोग को जीवन में उतारें
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिलेवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर भी है।
उपायुक्त ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से मानवता को कर्म, सत्य, धर्म और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। उनका जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और विवेक के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का कर्मयोग आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में प्रेम, शांति, भाईचारे व सौहार्द की भावना को मजबूत करें। उन्होंने पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने तथा सामाजिक एवं धार्मिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
उपायुक्त ने जिलेवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि त्योहार समाज में एकता और सकारात्मकता का संदेश देने का माध्यम बनें।

Girish Saini 

