उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्कूल वाइज डिजिटल स्किल पासबुक शुरू करने के निर्देश दिए

100 प्रतिशत निपुण विद्यार्थियों से संबंधित विद्यालय होंगे सम्मानित।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्कूल वाइज डिजिटल स्किल पासबुक शुरू करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूल वाइज डिजिटल स्किल पासबुक शुरू करें। जिला में 100 प्रतिशत निपुण विद्यार्थियों से संबंधित विद्यालयों को जिला प्रशासन द्वारा सर्टिफिकेट भेंट कर सम्मानित किया जाएगा तथा निपुण में विशिष्ट सुधार दर्शाने वाले विद्यालयों को भी सर्टिफिकेट दिए जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रवेश उत्सव के दौरान अभिभावकों को अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में पढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शिक्षा विभाग, सर्व शिक्षा अभियान एवं उच्च शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला में आयोजित किए जा रहे प्रवेश उत्सव से सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए सभी अभिभावकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिला में एडमिशन मिशन की मुहिम जारी है। उन्होंने सभी प्राथमिक विद्यालयों में बाला पेंटिंग करवाने का प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए।  

उपायुक्त ने मिड-डे-मील योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निरंतर मिड-डे-मील का निरीक्षण करें तथा विद्यार्थियों को सरकार की हिदायतों अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जाये। जिला में 395 विद्यालयों में किचन गार्डन स्थापित किए गए है। उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग के लिए सुपर 40 की शुरुआत स्थानीय हिसार रोड स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में की गई है तथा 12वीं कक्षा के लिए नीट व जेईई के लिए भी शीघ्र सुपर 40 का बैच शुरू किया जायेगा।

उपायुक्त ने कहा कि डाइट मदीना द्वारा गुणवत्तापरक शिक्षा के उद्देश्य से कक्षा 4 से 8वीं तक डाइट फैकल्टी द्वारा मीटिंग ली जा रही है। सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने विद्यालयों में जारी सिविल कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार द्वारा स्वीकृत किए गए सभी कार्यों को शीघ्र शुरू करवाये।

उपायुक्त ने उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राजकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करें। विद्यार्थियों की रूचि अनुसार उन्हें सिविल सेवा व अन्य सरकारी सेवाओं की परीक्षाओं के लिए तैयारी करवाये। उन्होंने कहा कि एनईपी 2020 के अनुसार महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 120 घंटे की इंटर्नशिप करना अनिवार्य है। कॉलेजों द्वारा जिला प्रशासन के साथ सहयोग करने का प्रस्ताव है, ताकि विद्यार्थियों को विभिन्न जिला स्तरीय कार्यालयों में एक संरचित एवं पर्यवेक्षित 120 घंटे की इंटर्नशिप प्रदान की जा सके।

बैठक में डीईओ मनजीत मलिक, डीईईओ दिलजीत सिंह, राजकीय महाविद्यालय सांपला के प्राचार्य परम भूषण आर्य, सहायक प्रो. आशा, डीपीसी सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. नरेश कुमार एवं सुनीता चहल, खंड शिक्षा अधिकारी गीता देवी, सतेंद्र, संजय कुमार, साधना, सूरजभान, डाइट से रोमी कुमार व मनीषा पंवार, एपीसी मनोज सुहाग, सुरेंद्र दहिया, एफएलएन कोऑर्डिनेटर रूपांशी हुड्डा, एसडीई अनिल दूहन, डॉ. समीर मान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।