डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों की सभी लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा करवाने के निर्देश दिए

डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों की सभी लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा करवाने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समाधान शिविरों की सभी लंबित शिकायतों का तुरंत उचित निपटारा करवायें। समाधान शिविरों में परिवार पहचान पत्र से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों के निपटारे की मौके पर ही प्रक्रिया पूर्ण की जाये।

डीसी सचिन गुप्ता ने प्रशिक्षु आईएएस विशाल सिंह, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार, डीडीपीओ राजपाल चहल के साथ नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गंभीरता के साथ नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध उचित निपटारा करवाये। समस्या के समाधान के समय संबंधित नागरिक से संवाद कर उन्हें विभागीय कार्यवाही से संतुष्ट करें ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।

उपायुक्त ने विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में आबादी देह में बाढ़ संभावित गांवों में ग्राम पंचायत स्तर पर जल निकासी के लिए आवश्यकता अनुसार पंप सेट की व्यवस्था करवाई जाये। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर पंपों की खरीद करवाई जाये ताकि आवश्यकता अनुसार इनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने समाधान शिविर में पहुंचे रिठाल फौगाट गांव के नागरिकों की 100 वर्ग गज प्लॉट से संबंधित शिकायत पर नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा कि लाभ पात्र व्यक्तियों को 100 वर्ग गज के प्लाट दिलवाये जाये। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बहु अकबरपुर गांव में पर्याप्त व शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के सभी प्रबंध करें ताकि ग्रामीणों को पेयजल बारे कोई असुविधा न हों। उन्होंने गांव में जल निकासी के लिए सिंचाई विभाग द्वारा डाली जा रही भूमिगत पाइप लाइन में ग्राम पंचायत द्वारा पूर्ण सहयोग देने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविरों की वर्ष 2024 की रि-ओपन हुई शिकायतों तथा 2025 की लंबित शिकायतों का भी यथाशीघ्र समाधान करवाया जाये। उन्होंने समाधान शिविर में प्राप्त अन्य शिकायतों के निपटारे के लिए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान परिवहन डिपो महाप्रबंधक नवीन कुमार, डीएमसी जितेंद्र सिंह, तहसीलदार यशपाल शर्मा, कार्यकारी अभियंता अनिल नागर, अंशुल कादयान, संजीव कुमार व अरूण मुंजाल, डीईओ मनजीत मलिक, डीईईओ दिलजीत सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त के मार्गदर्शन में उपमंडल मुख्यालयों पर भी समाधान शिविर आयोजित किये गए। सांपला में एसडीएम अंकिता पुवार तथा महम में एसडीएम विपिन कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर लगाया गया। इन शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी गई तथा अधिकारियों को निपटारे के निर्देश दिये गए।