उपायुक्त ने जिलेवासियों को दी रक्षाबंधन के पर्व की शुभकामनाएं

उपायुक्त ने जिलेवासियों को दी रक्षाबंधन के पर्व की शुभकामनाएं

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिले वासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव का संदेश देता है।

उपायुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करती है, जबकि भाई बहन की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लेता है। भाई-बहन का रिश्ता जीवन के सबसे अनमोल रिश्तों में से एक है।

विशेष बच्चों ने उपायुक्त को बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर अर्पण संस्था के विशेष बच्चों ने लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर डीसी सतबीर सिंह की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की। बच्चों ने उन्हें मिठाई भी खिलाई। इस दौरान जिला कल्याण अधिकारी रेणु सिसोदिया और संस्था का स्टाफ मौजूद रहा।

उपायुक्त ने विशेष बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें मिठाई खिलाई। उन्होंने बच्चों से संस्था में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर संवाद भी किया।