हरा-भरा हरियाणा बनाना, नायब सरकार का सपनाः सीएम ओएसडी फोगाट

गांव मायना में पौधारोपण किया।

हरा-भरा हरियाणा बनाना, नायब सरकार का सपनाः सीएम ओएसडी फोगाट

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी गजेंद्र फोगाट ने कहा कि हरा-भरा हरियाणा बनाना नायब सरकार का सपना है और जनभागीदारी के माध्यम से इस सपने को साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।

ओएसडी फौगाट शनिवार को गांव मायना में डॉ. बी.आर. आंबेडकर विज्ञान समिति द्वारा आयोजित पौधरोपण अभियान के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। समिति के पदाधिकारियों तथा ग्रामीणों ने उनका गांव पहुंचने पर स्वागत किया। गजेंद्र फोगाट ने पौधों का वितरण एवं पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

सीएम के ओएसडी ने कहा कि हरियाणा विकास और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाइड्रोजन ट्रेन को जनता को समर्पित करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को इस कार्यक्रम में भाग लेने का न्योता देते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश में तकनीक और नवाचार के नए अध्याय की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और आधुनिक तकनीक को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।