वोट चोरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, बाजरा खरीद और खाद संकट पर सरकार को घेरा

बाढड़ा में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, प्रभारी संजय दत्त और राव नरेंद्र ने उठाए किसानों के मुद्दे

वोट चोरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, बाजरा खरीद और खाद संकट पर सरकार को घेरा

चरखी दादरी, गिरीश सैनी। हरियाणा कांग्रेस ने शनिवार को बाढड़ा में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला और प्रतीकात्मक पुतला फूंका।

प्रभारी संजय दत्त ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों की जांच की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। राव नरेंद्र सिंह ने भी चुनावी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कांग्रेस नेताओं ने चरखी दादरी में बाजरे की खरीद और पंजीकरण में आ रही बाधाओं तथा भावांतर भरपाई योजना को लेकर असमंजस का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान खाद के लिए भी भटक रहे हैं। नेताओं ने सरकार से बाजरे की खरीद सुनिश्चित करने, भावांतर योजना पर स्थिति स्पष्ट करने और खाद की पर्याप्त उपलब्धता कराने की मांग की।