कांग्रेस को फिर चाहिए 2005 वाला गुलदस्ताः कुलदीप शर्मा

सीएम पद पर बोले—संभावनाएं जीवित रहनी चाहिए

कांग्रेस को फिर चाहिए 2005 वाला गुलदस्ताः कुलदीप शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस के 2005 के राजनीतिक समीकरणों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी को फिर वही गुलदस्ता चाहिए। वे रविवार को रोहतक में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जब पत्रकारों ने पूछा कि वह गुलदस्ता बिखर चुका है, तो उन्होंने इसे स्वीकार करते हुए कहा कि कांग्रेस के कई नेता भाजपा में जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने की संभावना पर कुलदीप शर्मा ने कहा कि संभावनाएं जीवित रहनी चाहिए और उनसे मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। हालांकि, उन्होंने अपनी दावेदारी स्पष्ट नहीं की। कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में भी मतभेद हैं। शनि की ग्रह चाल बदलने का जिक्र कर उन्होंने राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यंग्य भी किया। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की तारीफ करने के बावजूद वह उनके प्रति अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट करने से बचते रहे।

उन्होंने छत्तीस बिरादरी के नेताओं को नमन भी किया। उन्होंने कहा कि संविधान स्थल पर पं. श्रीराम शर्मा की प्रतिमा कांग्रेस शासनकाल में ही स्थापित हो जानी चाहिए थी। भाजपा सरकार द्वारा यह कार्य किए जाने को उन्होंने कांग्रेस के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।