पूर्व सीएम हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक
महंगाई, पेपर लीक, बिजली-पानी, कानून व्यवस्था के मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाएगी कांग्रेस।
रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सबसे पहले 2 मिनट का मौन रखकर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. भजनलाल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस बैठक में जनहित के अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी रणनीति तय की गई। महंगाई की मार, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की लगातार बढ़ती कीमतें, एसआईआर, बैंक घोटाला, पेपर लीक, नीट परीक्षा, परीक्षा रद्द, भर्ती कैंसिल, सीबीएसई पेपर चेकिंग, कानून व्यवस्था का बिगड़ा हाल, बिजली-पानी की किल्लत समेत विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस विधायकों ने अपने विचार रखे। सभी ने प्रदेश में एक बड़ा आंदोलन करने का सुझाव भी दिया।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने निर्देश दिए कि 15 जुलाई तक एसआईआर में सभी विधायक, जिला स्तर के नेता और बीएलए पूरी ताकत के साथ सक्रिय भूमिका निभाते हुए किसी भी तरह की गड़बड़ी के विरुद्ध अलर्ट रहें। सभी कांग्रेसजन सुनिश्चित करें कि कोई भी वैध वोट कटने न पाए और गलत वोट बनने न पाए।
विधायक दल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने बताया कि राज्यसभा चुनाव आयोग में धांधली के विरुद्ध पार्टी नेताओं ने चुनाव आयोग से मुलाकात की है। साथ ही विधानसभा के बाहर सांकेतिक सदन चलाने के मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष के नोटिस का जवाब दे दिया गया है और इसके बाद उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया है।
नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने बताया कि 15 जुलाई के बाद पुनः कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों का ऐलान किया जाएगा। इस दौरान जनता के सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस जन-जन तक पहुंचेगी, कि आज हर वर्ग इस सरकार की नीतियों और कारगुजारियों से त्राहि-त्राहि कर रहा है।

Girish Saini 

