योग-ध्यान से नशे पर वार, युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ

माय भारत के अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

योग-ध्यान से नशे पर वार, युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में शनिवार को नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत 100 सप्ताह अभियान के पांचवें सप्ताह के तहत योग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरा युवा भारत (माय भारत) की स्वयंसेविका निशा राणा ने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

युवाओं को योग एवं ध्यान का अभ्यास करवाते हुए इनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मानुशासन बढ़ता है।

कार्यक्रम में युवाओं ने नशे से दूर रहने, अपने साथियों और समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।

निशा राणा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों में होना चाहिए। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों और जन-जागरूकता को जरूरी बताया।