सीएम नायब सिंह सैनी 12 जुलाई को जीजेयू में करेंगे माता अमृता देवी सर्कल का उद्घाटन
छात्रावास विस्तार परियोजना व नर्सिंग ब्लॉक का भी करेंगे शिलान्यास।
हिसार, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 12 जुलाई को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में स्थापित खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प एवं माता अमृता देवी सर्कल का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री इसके साथ ही विवि में बनने वाले 140 कमरों के नए महिला छात्रावास व नए नर्सिंग ब्लॉक का शिलान्यास भी करेंगे।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि समारोह में पूर्व सांसद चौधरी कुलदीप सिंह बिश्नोई स्रोत वक्ता तथा लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। इनके अलावा, हिसार से विधायक सावित्री जिंदल, नलवा से विधायक रणधीर सिंह पनिहार, मेयर प्रवीन पोपली, डा. सचिदानंद आचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बिश्नोई समाज के गणमान्य व्यक्ति भी भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर बाद 1.00 बजे विवि के सीआरएस सभागार में अपना संबोधन भी देंगे। इस दौरान खेजड़ली की बेटी नामक नाटक का मंचन भी किया जाएगा। ध्यान रहे कि, माता अमृता देवी बिश्नोई भारतीय पर्यावरण संरक्षण के इतिहास की महान प्रेरणा मानी जाती हैं। वर्ष 1730 में राजस्थान के जोधपुर रियासत के खेजड़ली गांव में उन्होंने खेजड़ी वृक्षों को बचाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके साथ उनकी तीन पुत्रियों सहित कुल 363 बिश्नोई स्त्री-पुरुषों ने वृक्षों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था।
Girish Saini 


