रावण दहन के साथ मन की बुराइयां भी मिटाने का लें संकल्पः सीएम नायब सैनी
रोहतक में बोले सीएम- गरीबों का सम्मान, बेटियों की सुरक्षा और युवाओं को समान अवसर देना ही रामराज्य की पहचान
रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। रावण दहन के साथ हमें अहंकार, झूठ, द्वेष, भेदभाव, नशे और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों को भी समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए। शक्ति का उद्देश्य अत्याचार करना नहीं, बल्कि अन्याय का अंत कर समाज में धर्म और न्याय स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को रोहतक में श्री सनातनी युवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित -बुराई से अच्छाई की ओर भव्य सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों का दहन किया। इस दौरान 300 ड्रोन के माध्यम से आसमान में श्रीराम गाथा की प्रस्तुति देखी और भजनों का आनंद लिया। उन्होंने आयोजन के लिए फाउंडेशन के पदाधिकारियों को बधाई दी।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि रामराज्य का अर्थ ऐसा समाज है, जहां गरीबों को सम्मान, कमजोरों को न्याय, बहन-बेटियों को सुरक्षा और युवाओं को बिना भेदभाव आगे बढ़ने के अवसर मिलें। सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। रावण के अनेक प्रतीक आज भी झूठ, नशे, भ्रष्टाचार और बेटियों के प्रति भेदभाव के रूप में मौजूद हैं। इन्हें मिटाना ही दशहरे का वास्तविक संदेश है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और लगभग 500 वर्षों की प्रतीक्षा का परिणाम है। रामलला के मंदिर में विराजमान होने से करोड़ों लोगों का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में हरियाणा की प्रगति की अहम भूमिका है और सरकार जनता से किए वादे पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, सीएम के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा, उपायुक्त सतबीर सिंह, नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दूहन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Girish Saini

