कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मदीना में हुड्डा पिता-पुत्र पर साधा निशाना

2029 में चौथी बार भाजपा सरकार बनने का दावा किया

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मदीना में हुड्डा पिता-पुत्र पर साधा निशाना

रोहतक, गिरीश सैनी। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का रविवार को गांव मदीना में हाथी की सवारी के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे। मंत्री ने गांव में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि हुड्डा पिता-पुत्र का राजनीतिक अध्याय समाप्त होने की कगार पर है और कांग्रेस में भी उनका प्रभाव घट रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महम में कमल खिलेगा और 2029 में भाजपा लगातार चौथी बार सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के गांवों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार विकास कार्यों के दम पर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का भरोसा भी दिलाया।