बीएमयूः वॉलीबॉल टूर्नामेंट का खिताब फिजियोथेरेपी फैकल्टी के नाम

बीएमयूः वॉलीबॉल टूर्नामेंट का खिताब फिजियोथेरेपी फैकल्टी के नाम

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि में आयोजित दो दिवसीय अंतर-फैकल्टी वॉलीबॉल (लड़के) टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों ने भाग लेकर अपने कौशल और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट का शुभारंभ कुलपति डॉ. बी.एम. यादव एवं कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार द्वारा किया गया। कुलपति ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि यह मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क की भावना को भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।

दूसरे दिन रोमांचक फाइनल मुकाबले में फिजियोथेरेपी फैकल्टी और फार्मेसी फैकल्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। फिजियोथेरेपी फैकल्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह में कुलपति डॉ. बी.एम. यादव और कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को  प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। खेल निदेशक अशोक कुमार ने आभार व्यक्त किया।