बीएमयूः टेबल टेनिस में निशांत ने बाजी मारी, अनिकेत दूसरे और वरुण तीसरे स्थान पर
खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकासः कुलपति प्रो. बीएम यादव
रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में पुरुष वर्ग की टेबल टेनिस चैंपियनशिप आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न संकायों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फैकल्टी ऑफ फिजियोथेरेपी के निशांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट के अनिकेत द्वितीय और फैकल्टी ऑफ लॉ के वरुण कुमार तृतीय रहे।
कुलपति प्रो. बी.एम. यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के योगदान और खेल भावना को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों में समय प्रबंधन, संघर्ष करने की क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है।
डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. नवीन कपिल ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रारंभ में खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ. अरूप गिरि, एमएल बत्रा सहित खेल समिति के सदस्य - डॉ. प्रीति सांगवान, डॉ. जितेंद्र, डॉ. बृजेश शिवहरे, डॉ. गौरव, अमित अत्री और कविता तथा अन्य अधिकारी, शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे। खेल सचिव डॉ. बबलू शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

Girish Saini 

