कलाम जयंती पर एमडीयू में रक्तदान शिविर, 56 यूनिट रक्त एकत्रित

कलाम जयंती पर एमडीयू में रक्तदान शिविर, 56 यूनिट रक्त एकत्रित

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड रिसर्च (इमसार) में वीरवार को आयोजित रक्तदान शिविर में 56 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती और विश्व विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान-सेवा मेरा योगदान के तहत आयोजित शिविर में 100 से अधिक शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। रक्त की एक-एक बूंद जरूरतमंद के लिए जीवन की उम्मीद बन सकती है। कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में निस्वार्थ सेवा, भाईचारे और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

समाजसेवी राजेश जैन ने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने भी युवाओं से इस मानवीय कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

इमसार निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार अहलावत और विधि विभागाध्यक्षा प्रो. सोनू देहमीवाल ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। वाईआरसी कार्यक्रम समन्वयक एवं यूनिवर्सिटी आउटरीच प्रोग्राम की निदेशिका प्रो. अंजू धीमान ने कार्यक्रम का समन्वयन किया।

शिविर का आयोजन एमडीयू की यूथ रेडक्रॉस इकाई, इमसार, विधि विभाग और एनएसएस इकाइयों ने एलपीएस बोसार्ड तथा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, खानपुर के सहयोग से किया। रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र और हेलमेट देकर सम्मानित किया गया।