17 सितंबर से भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, हर बूथ तक पहुंचेगा सेवा का संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस अभियान के जरिए सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संदेश को बूथ से परिवार तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ा जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में एक कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश महामंत्री वेद प्रकाश फुलां ने बतौर मुख्य अतिथि और किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेश चौहान ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका ने अध्यक्षता की। महेश चौहान ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों और बूथ स्तर की जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
वेद प्रकाश फुलां ने कहा कि सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत इस अभियान का मूल भाव है। अभियान में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हर बूथ पर लाभार्थी परिवारों के साथ आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा। कहानी बदलाव की के तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभव वीडियो के जरिए सामने लाए जाएंगे। स्कूलों में 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत के तहत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान और सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार के तहत रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच समेत 25 सेवा गतिविधियां और योजना शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला में संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश सचिव प्रतिभा सुमन, मेयर राम अवतार, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक, जिला महामंत्री नितिन जैन, सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Girish Saini 

