फर्जी वर्क फ्रॉम होम ऑफर से रहें सावधान, ठगी पर 1930 पर करें कॉल

एमडीयू में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, संदिग्ध लिंक और एपीके फाइलों से बचने की दी सलाह

फर्जी वर्क फ्रॉम होम ऑफर से रहें सावधान, ठगी पर 1930 पर करें कॉल

रोहतक, गिरीश सैनी। ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अनधिकृत स्रोतों से एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें। यह सलाह शुक्रवार को एमडीयू में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में दी गई।

सेवा संकल्प सहयोग अभियान के तहत कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशंस विभाग और यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर ने संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से आए मुख्य वक्ता सतीश कुमार और अनुज ने फर्जी वर्क फ्रॉम होम ऑफर, आसान कमाई के झांसे और भ्रामक विज्ञापनों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि वित्तीय साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। लेन-देन की तारीख, रकम और यूटीआर नंबर जैसे विवरण सुरक्षित रखें।

कार्यक्रम में संचार साथी पोर्टल की चक्षु सुविधा से संदिग्ध कॉल और संदेशों की रिपोर्ट करने, आईएमईआई नंबर सत्यापित करने तथा मनी रेस्टोरेशन पोर्टल की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कस्टमर केयर नंबर आधिकारिक वेबसाइट से लेने और निजी या बैंकिंग जानकारी अनजान लोगों से साझा न करने की सलाह दी।

इस दौरान विभागाध्यक्षा प्रो. प्रीति गुलिया, यूसीसी सिस्टम एनालिस्ट यशपाल हुड्डा सहित शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।