कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए निकाली अवेयरनेस वॉक

कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए निकाली अवेयरनेस वॉक

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा है कि कैंसर से हमें डरना नहीं, बल्कि उसके बारे में जानना है और समय रहते कदम उठाना है। उन्होंने कहा कि कैंसर अवेयरनेस वॉक के माध्यम से हमें संकल्प लेना चाहिए कि स्वस्थ युवा, स्वदेशी सोच और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हमें मिलकर योगदान देना है। 

कुलपति ने स्वास्थ्य केंद्र तथा फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंसेज कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कैंसर अवेयरनेस वॉक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंसेज की डीन एवं नर्सिंग विभागाध्यक्षा प्रो. सुमित्रा सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरीना हसीजा, डिप्टी प्रोक्टर डॉ. अंजू गुप्ता सहित विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे।

 
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि जागरूकता से ही कैंसर की बीमारी से बचाव संभव है। यदि प्रारंभिक चरण में बीमारी का पता चल जाए तो इसका ईलाज हो सकता है। डा. उमेश कालड़ा ने कहा कि कैंसर से डरने की जरूरत नहीं हैं। इससे संबंधित भ्रांतियों को जागरूकता अभियान से दूर करना होगा। प्रो. सुमित्रा सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को सही दिशा देने में सहायक सिद्ध होते हैं। इस वाक के दौरान लगभग 500 से अधिक प्रतिभागियों ने कैंसर से बचाव -जागरूकता से ही संभव जैसे नारे लगाकर आमजन को जागरूक किया।