नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में वर्तमान में तीन नशा मुक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां नशे से पीड़ित व्यक्तियों का निरंतर उपचार किया जा रहा है। पीजीआईएमएस, रोहतक स्थित नशा मुक्ति केंद्र में किसी भी प्रकार के नशे से प्रभावित व्यक्ति का उपचार निशुल्क किया जाता है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9050891508 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने आमजन का आह्वान किया कि नशा मुक्त भारत अभियान को जन आंदोलन बनाकर समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में अपना सहयोग दें।
इसी कड़ी में दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम गांव सुनारिया व मायना स्थित राजकीय उच्च विद्यालयों में आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित जन को स्वयं एवं अपने परिवार को नशे की बुराइयों से बचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान गांव में साइकिल रैली भी निकाली गई, जिसमें युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर अमित पंघाल सहित अन्य खिलाडिय़ों, सरपंच मनीषा एवं अन्य गणमान्य जन ने भी युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

Girish Saini 

