विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व मलेरिया दिवस पर पं. भगवत दयाल शर्मा आयुर्विज्ञान विवि के नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा मलेरिया को समाप्त करने के लिए प्रेरितः अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रो. सुनीता कुमारी के मार्गदर्शन में एमएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष तथा पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को मलेरिया के प्रति जागरूक करना तथा इसके कारण, लक्षण, रोकथाम एवं उपचार के बारे में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना था। विद्यार्थियों ने चार्ट प्रदर्शन एवं स्वास्थ्य वार्ता के माध्यम से मलेरिया के फैलने के कारण, जैसे मच्छरों का प्रजनन, गंदा पानी एवं अस्वच्छ वातावरण, को सरल भाषा में समझाया। साथ ही, मलेरिया के प्रमुख लक्षणों -बुखार, ठंड लगना, पसीना आना, सिरदर्द के अलावा समय पर जांच और पूर्ण उपचार के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। लोगों को मच्छरदानी के उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने तथा आसपास पानी जमा न होने देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान आचार्या सुनीता देवी, राममूर्ति देवी एवं सुशीला देवी सहित कम्युनिटी मेडिसिन विभाग से डॉ. सीमा, डॉ. पलक, ब्लॉक एजुकेटर सतपाल बलहारा तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ता मनजीत मौजूद रहे।