विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हिसार, गिरीश सैनी। बरवाला स्थित नेशनल कॉलेज ऑफ आयुर्वेद एवं अस्पताल के स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बतौर मुख्य अतिथि एवं वक्ता, प्रो. शीतल एस. महादिक, (विभागाध्यक्षा, स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग, आईएएस एंड रिसर्च, श्रीकृष्ण आयुष विवि, कुरुक्षेत्र) ने शिरकत की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली तथा आयुर्वेद में प्रकृति के महत्व पर अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा स्वच्छता जैसे विषयों पर जागरूकता संदेश देते पोस्टर बनाए। निर्मायक मंडल की भूमिका डॉ. सुनील कुमार, डॉ. भूपिंदर सिंह, व डॉ. विशाल ने निभाई।

संस्थान के निदेशक कृष्ण दुहन ने कहा कि भविष्य में विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, व्यक्तित्व विकास एवं प्रेरणा के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। प्राचार्य डॉ. त्रिभुवन पारीक ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। इस दौरान डॉ. पवित्रा मलिक, डॉ. विधि, डॉ. रविंदर कौर शुक्ला, डॉ. अमन सहित अन्य शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।