धूम्रपान निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर सती भाई साईं दास सेवा दल द्वारा गद्दीनशीन महंत रामसुखदास महाराज के सानिध्य में नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीएमओ ऑफिस, रोहतक में आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में यूएचएसआर के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल तथा समाजसेवी राजेश जैन मौजूद रहे।
इस दौरान समाज में बढ़ते नशे एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। एक विशेष पहल के रूप में जागरूकता संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक धूम्रपान निषेध वाहन को अतिथियों द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस दौरान उपस्थित बच्चों एवं नागरिकों ने धूम्रपान न करने तथा दूसरों को भी धूम्रपान से दूर रहने के लिए जागरूक करने की शपथ ली गई। उपस्थित जन से नशामुक्त भारत एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आगे आने और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

Girish Saini 

