बीएमयू में शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए दाखिले शुरू
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं छात्र हितैषी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि विवि में करीब 12 प्रमुख संकायों के अंतर्गत 80 से अधिक कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें बीएएमएस, बीटेक, एमटेक, बीसीए, एमसीए, एमबीए, बी फार्मा, डी फार्मा, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, पैरामेडिकल, कृषि, शिक्षा, कला, विज्ञान, कॉमर्स तथा पीएचडी एवं रिसर्च प्रोग्राम के साथ साथ स्पेशल एजुकेशन इंटीग्रेटेड बीए.-बीएड. (बौद्धिक दिव्यांगता एवं श्रवण बाधित) आईएसआईटीईपी-(आईडी, एचआई), कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग में बी.वोक. इंजीनियरिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, सेल्स और मार्केटिंग में बी.वोक. प्रबंधन, साइबर लॉ में पीजी डिप्लोमा शामिल हैं।
कुलसचिव ने कहा कि विवि में विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, हाई-स्पीड इंटरनेट, आधुनिक कंप्यूटर लैब, रिसर्च सेंटर और अनुभवी शिक्षकों की टीम उपलब्ध है। विद्यार्थियों के इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण, प्रैक्टिकल नॉलेज और स्किल डेवलपमेंट पर विशेष फोकस किया जाता है, ताकि वे पढ़ाई पूरी करते ही रोजगार के लिए तैयार हो सकें। विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग सुरक्षित छात्रावास, स्वच्छ भोजन व्यवस्था, खेल मैदान, जिम, मेडिकल सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि विवि का प्लेसमेंट रिकॉर्ड भी लगातार बेहतर हो रहा है। विभिन्न बड़ी कंपनियां और संस्थान कैंपस प्लेसमेंट के लिए यहां पहुंचते हैं, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और सहायता योजनाएं भी उपलब्ध हैं।

Girish Saini 

