रिफॉर्म उत्सव में सुझावों पर होगा एक्शन, उपायुक्त ने विभागों को दिए समयबद्ध सुधार के निर्देश
11 सितंबर से जागरूकता अभियान, गांवों में ग्राम सभाओं और शहरों में वार्ड सभाओं से बढ़ेगी जनभागीदारी
रोहतक, गिरीश सैनी। रिफॉर्म उत्सव को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और नागरिकों से मिलने वाले सुधार संबंधी सुझावों को गंभीरता से लें। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को यह निर्देश देते हुए कहा कि अभियान का मकसद केवल सुझाव जुटाना नहीं, बल्कि उपयोगी सुझावों को शासन-व्यवस्था में ठोस और सकारात्मक सुधार के रूप में लागू करना है।
रिफॉर्म उत्सव के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नागरिकों से शासन एवं सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाने संबंधी सुझाव लेकर उनकी पहचान, जांच और क्रियान्वयन पर जोर दिया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद उपायुक्त ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करे। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। गांवों में ग्राम सभाओं, जन मंथन सभाओं और अन्य माध्यमों से लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत में 2 अक्टूबर 2026 को जन मंथन सभा आयोजित की जाएगी।
शहरी क्षेत्रों में वार्ड सभाओं और शहरी परामर्श कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। नगर निकाय पार्षदों, आरडब्ल्यूए, बाजार संगठनों और स्थानीय संस्थाओं की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि 11 सितंबर से व्यापक जागरूकता अभियान शुरू होगा। नागरिकों को रिफॉर्म उत्सव पोर्टल के माध्यम से सुझाव देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कॉमन सर्विस सेंटरों पर भी सुझाव दर्ज कराने में लोगों को मदद मिलेगी। पोर्टल पर सुझाव देने की अवधि 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है।
प्राप्त सुझावों को विभागवार जांच के बाद व्यक्तिगत शिकायत, कार्रवाई योग्य न होने वाले सुझाव, त्वरित प्रभाव वाले सुधार और मध्यम अवधि के सुधार की श्रेणियों में बांटा जाएगा। त्वरित सुधारों को प्राथमिकता से लागू किया जाएगा, जबकि मध्यम अवधि के सुधारों के लिए रोडमैप तैयार होगा। विभागीय स्तर पर सुझावों पर विचार-विमर्श 10 अक्टूबर से 30 नवंबर तक होगा और त्वरित सुधारों को लागू कर पोर्टल पर अपडेट करने का लक्ष्य 20 दिसंबर 2026 रखा गया है। उन्होंने कहा कि रिफॉर्म उत्सव पूरे शासन तंत्र और नागरिकों की साझी पहल है। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करते हुए सुझावों को वास्तविक सुधार में बदलने की दिशा में काम करें।
इस दौरान असिसटेंट कमिश्नर अंडर ट्रेनिंग विशाल सिंह आईएएस, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, महम के एसडीएम विपिन कुमार, नगराधीश शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Girish Saini 

