मंडियों में खरीद-उठान तेज करें, किसानों को न हो परेशानीः मुख्य सचिव रस्तोगी

बारिश से फसल बचाने और समय पर उठान सुनिश्चित करने के निर्देश

मंडियों में खरीद-उठान तेज करें, किसानों को न हो परेशानीः मुख्य सचिव रस्तोगी

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने खरीफ खरीद सीजन 2026-27 में धान और बाजरा की आवक, खरीद व उठान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में फसल बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उपायुक्तों और जिला प्रशासनिक सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की।

इसके बाद रोहतक के प्रशासनिक सचिव एवं फरीदाबाद मंडल के आयुक्त संजय जून ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीद व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से मंडियों का दौरा करने और खरीद व उठान की निगरानी करने के निर्देश दिए।

संजय जून ने कहा कि बारिश की आशंका को देखते हुए मंडियों में फसल की सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए जाएं। मंडियों में पहुंचने वाले किसानों को प्रवेश द्वार पर गेट पास जारी किए जाएं और खरीदी गई फसल का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मंडियों में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने बताया कि बाजरा किसानों को भावांतर भरपाई योजना के तहत 600 रुपये प्रति क्विंटल दिए जा रहे हैं।

इस दौरान एसडीएम अंकिता पुवार, आशीष कुमार एवं विपिन कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, रोहतक चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, महम चीनी मिल के एमडी मुकुल तंवर, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीएफएससी मनीषा मेहरा सहित सभी खरीद एजेंसियों, एचएसएएमबी तथा मार्केट कमेटियों के सचिव मौजूद रहे।