एमडीयू में पं. श्रीराम शर्मा शोध पीठ की स्थापना के लिए कुलपति को सौंपा 25 लाख का चेक

एमडीयू में पं. श्रीराम शर्मा शोध पीठ की स्थापना के लिए कुलपति को सौंपा 25 लाख का चेक

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में महान स्वतंत्रता सेनानी पं. श्रीराम शर्मा के नाम से शोध पीठ स्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए, उच्च शिक्षा विभाग की मंजूरी और विवि प्रशासन की सहमति के बाद बुधवार को पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच ने पं श्रीराम शर्मा शोध पीठ स्थापना के लिए 25 लाख रुपए का चेक एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ  को सौंपा। इस दौरान कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल भी मौजूद रहे।

मंच के अध्यक्ष डॉ. अशोक दीक्षित ने बताया कि वर्षों पुरानी ये मांग अब साकार होने जा रही है। उन्होंने कहा कि एमडीयू में पं. श्रीराम शर्मा शोध पीठ बनने से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रवाद, सामाजिक चेतना और पं. श्रीराम शर्मा के संघर्षमय जीवन पर शोध करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग ने एमडीयू कुलसचिव की रिपोर्ट के आधार पर विवि में शोध पीठ की स्थापना को व्यवहारिक माना है और 25 लाख रुपए की राशि कुलपति, एमडीयू रोहतक के पक्ष में जमा कराने के निर्देश दिए थे, जिसके तहत ये चेक सौंपा गया।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का आभार जताते हुए बताया कि शोध पीठ के लिए जुटाई गई 25 लाख रुपए की राशि में 11 लाख रुपए का सहयोग डॉ. अरविंद शर्मा की ओर से मिला, जबकि शेष 14 लाख रुपए 36 बिरादरी और समाज के सहयोग से स्वैच्छिक योगदान के रूप में जुटाए गए हैं।

पं. श्रीराम शर्मा के पौत्र पं. अंशु शर्मा ने कहा कि ये शोध पीठ नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के अनछुए अध्यायों से जोड़ेगी और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करेगी। एमडीयू गैर शिक्षक संघ के प्रधान सुरेश कौशिक ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा के विचार, संघर्ष और राष्ट्र सेवा को शैक्षणिक मंच मिलने से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।