विदेशी भाषा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जीजेयू में फ्रेंच एवं जर्मन के ए-2 पाठ्यक्रम शुरू
जापानी भाषा का ए-1 कोर्स भी शुरू।
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग द्वारा फ्रेंच एवं जर्मन भाषा के ए-2 स्तर के पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। साथ ही, जापानी भाषा में ए-1 पाठ्यक्रम भी शुरू किया गया है।
विभाग द्वारा संचालित फ्रेंच एवं जर्मन भाषा के ए-1 स्तर के पाठ्यक्रमों के चार-चार बैच सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुके हैं। इन पाठ्यक्रमों को मिली विद्यार्थियों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया के परिणामस्वरूप अब फ्रेंच एवं जर्मन भाषा के ए-2 स्तर के पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। ए-2 स्तर विद्यार्थियों को भाषा में अधिक दक्ष बनाते हुए उच्च शिक्षा, अंतर्राष्ट्रीय छात्रवृत्ति, शोध तथा रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करेगा।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विवि विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि फ्रेंच, जर्मन और जापानी जैसी विदेशी भाषाओं का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, शोध और रोजगार के नए द्वार खोलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन पाठ्यक्रमों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
विदेशी भाषा शिक्षा के विस्तार की इसी श्रृंखला में विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से जापानी भाषा के ए-1 स्तर का पाठ्यक्रम प्रारम्भ किया गया है। फ्रेंच, जर्मन एवं जापानी भाषा के ए-1 स्तर के प्रत्येक पाठ्यक्रम में 60-60 सीटें, जबकि ए-2 स्तर के फ्रेंच एवं जर्मन पाठ्यक्रमों में 30-30 सीटें उपलब्ध हैं।
विभागाध्यक्षा डॉ. प्रियंका सिंगला ने बताया कि विदेशी भाषाओं की बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए विद्यार्थियों में इन पाठ्यक्रमों के प्रति लगातार उत्साह बढ़ रहा है। कोर्स कोऑर्डिनेटर्स डॉ साक्षी जैन एवं डॉ मनदीप कौर हैं।
Girish Saini 


