जीजेयू में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, कुलपति ने फहराया तिरंगा

जीजेयू में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, कुलपति ने फहराया तिरंगा

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में 80वां स्वतंत्रता दिवस महाराणा प्रताप स्टेडियम में हर्षोल्लास से मनाया गया। 

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज का भारत विज्ञान, तकनीक, अंतरिक्ष, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब हर घर तक विकास पहुंचे, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों को समृद्धि और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिले। 

उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप जीजेयू ने तीन वर्षों में 36 नए नियमित कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिससे इनकी संख्या 97 हो गई है। विवि में 22 ओडीएल और 44 ऑनलाइन कार्यक्रम भी संचालित हैं। एनएसएस, एनसीसी व सुरक्षा कर्मियों ने परेड प्रस्तुत की तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।