रोहतक में 7,667 पुराने वाहन रडार पर, सीधे होंगे स्क्रैपः जिला परिवहन अधिकारी
15 साल पुराने पेट्रोल और 10 साल पुराने डीजल वाहन सड़क या घर पर मिले जाएंगे स्क्रैप केंद्र
रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके पेट्रोल और डीजल वाहनों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ढुल ने बताया कि रोहतक में ऐसे 7,667 वाहन चिन्हित किए गए हैं। इनमें 1,256 पेट्रोल और 6,411 डीजल वाहन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के अनुसार पेट्रोल वाहनों की आयु सीमा 15 वर्ष और डीजल वाहनों की 10 वर्ष निर्धारित है। कार्रवाई के लिए पुलिस और परिवहन प्राधिकरण की विशेष टीमें गठित की गई हैं।
वाणिज्यिक वाहन मालिकों को पहले ही नोटिस देकर वाहनों को एनसीआर से बाहर ले जाने या स्क्रैप कराने के लिए एक माह का समय दिया गया था, जो समाप्त हो चुका है। अब ऐसे वाहन सड़क या घर पर मिलने पर सीधे स्क्रैप सुविधा केंद्र भेजे जाएंगे। स्क्रैप की राशि जिला खजाना कार्यालय में जमा कराई जाएगी।

Girish Saini

