गृहिणी से प्रगतिशील मत्स्य किसान बनी 35 वर्षीय मनोही, सास से प्रेरणा पाकर शुरु किया नया सफर

गृहिणी से प्रगतिशील मत्स्य किसान बनी 35 वर्षीय मनोही, सास से प्रेरणा पाकर शुरु किया नया सफर

रोहतक, गिरीश सैनी। मूलरूप से जिला के गांव आंवल की बहू, 35 वर्षीय शिक्षित गृहिणी मनोही खन्ना (वर्तमान में दिल्ली निवासी) ने अपनी मेहनत, लग्न और वैज्ञानिक सोच के बल पर मत्स्य पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। एक सफल मत्स्य उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बनाने वाली मनोही ने अपनी सास उषा खन्ना से प्रेरणा लेकर वर्ष 2021 में 2.5 एकड़ के तालाब में मछली पालन का कार्य प्रारंभ किया। शुरुआत में उन्हें मत्स्य पालन का कोई अनुभव नहीं था, लेकिन सीखने की इच्छा और आत्मविश्वास ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मत्स्य पालन की आधुनिक तकनीकों को समझने के लिए मनोही ने हिसार स्थित एआरटीआई (मत्स्य पालन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान) से वैज्ञानिक प्रशिक्षण प्राप्त किया और उसके बाद उन्होंने मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन में पंगेसियस तथा आईएमसी मछलियों का पालन शुरू किया। उन्होंने अपने तालाब में लगभग 8,000 से 10,000 मछली बीज डाले और उचित तालाब प्रबंधन, नियमित देखभाल तथा समर्पण के माध्यम से उत्कृष्ट उत्पादन हासिल किया। उनकी मेहनत से उनका वार्षिक मछली उत्पादन 40-45 मीट्रिक टन तक पहुँच गया और उन्हें लगभग 6 लाख रुपये की वार्षिक आय प्राप्त होने लगी।

मनोही को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिसकी सहायता से उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया और आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों को अपनाया। वे अन्य महिलाओं और किसानों को भी मत्स्य पालन अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। वे लोगों को मीठे पानी की मछली पालन तकनीकों के बारे में जानकारी देती हैं तथा अपने अनुभव साझा कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला की अन्य महिलाओं को भी मनोही से प्रेरणा लेकर अपनी रुचि के अनुसार सफल उद्यमी बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं धरातल पर लागू की गई हैं, जिनका लाभ उठाकर महिलाएं न केवल स्वयं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार प्रदान कर सकती हैं। उपायुक्त ने मनोही के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।