बल्लभ गांव में स्वास्थ्य शिविर में 150 ग्रामीणों की जांच, विशेषज्ञों ने दी सलाह

बल्लभ गांव में स्वास्थ्य शिविर में 150 ग्रामीणों की जांच, विशेषज्ञों ने दी सलाह

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू ने सेवा संकल्प अभियान सेवा मेरा योगदान के तहत कलानौर तहसील के बल्लभ गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। ग्राम सचिवालय में आयोजित शिविर में करीब 150 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच करवाई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

एमडीयू के आउटरीच प्रोग्राम, यूथ रेड क्रॉस और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में स्त्री रोग, हृदय रोग, नेत्र, दंत, त्वचा, सामान्य स्वास्थ्य, फिजियोथेरेपी और आयुर्वेद सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गई। रक्त जांच और स्तन कैंसर की जांच की सुविधा भी दी गई।

जांच के दौरान गर्दन व पीठ दर्द, गैस्ट्राइटिस, उच्च रक्तचाप, सर्वाइकल की परेशानी और धुंधली दृष्टि के मामले प्रमुखता से सामने आए। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को आवश्यक परामर्श दिया। एमडीयू स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम दर्शना और लैब सहायक मेहर सिंह ने भी सेवाएं प्रदान की। शिविर आयोजन में प्रो. अंजू धीमान, प्रो. मुनीष गर्ग, प्रो. राजकुमार, प्रो. सुरेंद्र यादव और डॉ. बिंदु का सहयोग रहा।